Friday, September 11, 2026

Kasganj: पिकनिक के लिए झाल के पुल पर गए थे दोस्त, एक ने नहर में लगाई छलांग और हो गया लापता.... रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 15, 2026

Kasganj: पिकनिक के लिए झाल के पुल पर गए थे दोस्त, एक ने नहर में लगाई छलांग और हो गया लापता.... रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नदरई हजारा नहर झाल के पुल पर पिकनिक मनाने पहुंचे दोस्तों के साथ शनिवार दोपहर हादसा हो गया। पुल से नहर में छलांग लगाने वाला 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव और गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। उसे बचाने के लिए नहर में कूदे दोस्त को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लापता किशोर की तलाश में फ्लड रेस्क्यू टीम और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।


सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी 4-5 दोस्त शनिवार दोपहर नदरई हजारा नहर झाल के पुल पर घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान अलीपुर निवासी धीरज (17) पुत्र जगदीश ने अचानक पुल से नहर में छलांग लगा दी। नहर में तेज बहाव होने के कारण वह कुछ ही देर में गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया।

धीरज को डूबता देख उसका दोस्त मोहित पुत्र अचेन्द्र उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। तेज बहाव के चलते मोहित भी पानी में फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाल लिया। इसके बाद मोहित को प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लापता किशोर की तलाश के लिए फ्लड कंपनी और विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया। गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र ने बताया कि पिकनिक प्वाइंट पर घूमने आए दोस्तों में से एक किशोर के नहर में डूबने की सूचना मिली है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.