जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरपुर में शौचालय में पानी डालने को लेकर हुए मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब सुलह-समझौता कराने पहुंचे रिश्तेदार पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा बरामद किया है, जबकि मुख्य आरोपी और उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार कादरपुर निवासी सुमित (20) का अपने चाचा शैलेष से शौचालय में पानी डालने को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी और झगड़ा हुआ था, लेकिन बाद में मामला आपस में शांत हो गया। विवाद को पूरी तरह खत्म कराने के लिए दोपहर बाद एटा जनपद से दोनों पक्षों के रिश्तेदार गांव कादरपुर पहुंचे थे।
इसी दौरान पंचायत और सुलह-समझौते की बातचीत चल रही थी। आरोप है कि सुमित अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। इसी दौरान सुमित के साथी अंकित निवासी गंगानगर, जिला एटा ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में वहां मौजूद रिश्तेदार रामनरेश (45) निवासी होरची, थाना निधौली कलां, जिला एटा के दाहिने कंधे में गोली जा लगी। गोली लगते ही रामनरेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल रामनरेश को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
फायरिंग के बाद भाग रहे अंकित और प्रियांशु (18) निवासी असरौली, कोतवाली देहात, जिला एटा को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से तमंचा बरामद किया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर आंचल चौहान ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी सुमित समेत अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। गांव में फिलहाल शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।