पूर्व सैनिकों को फूल-मालाएं, स्मृति चिह्न और पौधे भेंट कर किया सम्मान, देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका परिषद में आयोजित समारोह उस समय भावनात्मक और प्रेरणादायी बन गया, जब एसडीएम एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर ने शहीद सैनिकों के परिजनों और भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान करने के साथ उन्हें पौधे भेंट किए। सम्मान के इस अनूठे अंदाज ने वीरों के प्रति कृतज्ञता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित सम्मान समारोह में एसडीएम मोहम्मद नासिर ने शहीद सैनिकों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को फूल-मालाएं पहनाकर तथा स्मृति चिह्न और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। उनका यह प्रयास केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ‘वीरों को सम्मान और धरती को हरियाली’ का संदेश भी दे गया।
एसडीएम नासिर ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आजादी की खुली हवा में सांस लेने का अधिकार हमें उन वीरों के बलिदान से मिला है, जिन्होंने देश की खातिर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और उनके सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन सहित सभासदगण, पालिका कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एसडीएम नासिर की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर वीरों के सम्मान को पौधरोपण से जोड़कर उन्होंने समारोह को एक नई सोच और सार्थक संदेश दिया है। यह पहल बताती है कि सच्ची देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि देश के वीरों का सम्मान करने और राष्ट्र के भविष्य को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी निभाने में भी है।