Friday, September 11, 2026

जल्द बदलेगी गंजडुंडवारा की सड़कों की तस्वीर, घटिया निर्माण पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट; नागरिको को मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं : प्रभारी ईओ,SDM मोहम्मद नासिर

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 17, 2026

जल्द बदलेगी गंजडुंडवारा की सड़कों की तस्वीर, घटिया निर्माण पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट; नागरिको को मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं : प्रभारी ईओ,SDM मोहम्मद नासिर

बोर्ड बैठक मे लाइसेंसिंग एवं शुल्क नियमावली का प्रस्ताव नहीं हो सका पास, अगली बोर्ड बैठक में रखने की मांग; FSSWM उपविधि-2026 को मिली मंजूरी

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक सोमवार को नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर की जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, सड़क, विद्युत व्यवस्था, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सार्वजनिक शौचालय और पालिका की भूमि पर अवैध कब्जों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं वर्ष 2026 की लाइसेंसिंग एवं अन्य शुल्क संबंधी नियमावली का प्रस्ताव चर्चा के बाद पास नहीं हो सका। सभासदों ने इस प्रस्ताव को अगली बोर्ड बैठक में फिर से रखे जाने की मांग की।


बैठक में फीकल स्लज, सेप्टेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन (FSSWM) उपविधि-2026 को मंजूरी दी गई। इसके लागू होने के बाद नगर क्षेत्र में सेप्टिक टैंकों की सफाई, मल-मिश्रित अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण और इससे संबंधित शुल्क एवं व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। सेप्टिक टैंकों की सफाई के लिए निर्धारित शुल्क तय करने पर भी सहमति बनी।


जागरण टुडे से बातचीत में क्या बोले एसडीएम

बोर्ड बैठक के बाद जागरण टुडे से बातचीत में उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर ने नगर के विकास को लेकर पालिका की आगामी योजनाओं और कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर में जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने स्वयं कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आई है।


उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन को योजना भेजी जाएगी। इसके तहत पुराने नालों का चौड़ीकरण, जरूरत वाले स्थानों पर नए नालों का निर्माण तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में नालों की क्षमता बढ़ाने का काम कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बारिश के पानी को अधिक देर तक जमा होने से रोकना और उसे तेजी से नगर से बाहर निकालना है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

घटिया निर्माण पर ठेकेदारों की खैर नहीं

वहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल पर एसडीएम मोहम्मद नासिर ने कहा कि इसको लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद सभी संबंधित ठेकेदारों को नोटिस और बैठकों के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई ठेकेदार मानकों के विपरीत काम करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के साथ उसकी जमानत राशि भी जब्त की जा सकती है।

वहीं उन्होंने कहा कि नगर में इंटरलॉकिंग कार्यों को भी बेहतर गुणवत्ता के साथ कराने के लिए अब रंगीन इंटरलॉकिंग पर जोर दिया जा रहा है, जिससे गलियां और रास्ते मजबूत होने के साथ आकर्षक भी दिखाई देंगे।

हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

वहीं बातचीत के दौरान पेयजल व्यवस्था को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि नगर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि हर घर को पेयजल कनेक्शन से जोड़ने, नए नलकूप लगाने और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जलापूर्ति में क्लोरीनेशन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।

पालिका की जमीन से हटेंगे अवैध कब्जे

वहीं नगर पालिका की जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। इस सवाल पर मोहम्मद नासिर ने बताया कि संबंधित अभिलेख मंगाए गए हैं। अभिलेखों का अध्ययन करने के बाद राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के सहयोग से पालिका की जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अवैध कब्जेदारों को नियमानुसार नोटिस दिए जाएंगे और उनसे स्वयं कब्जा हटाने की अपेक्षा की जाएगी। यदि पालिका या प्रशासन को कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी तो उस पर आने वाला खर्च संबंधित कब्जेदारों से वसूल किया जाएगा।

एटा रोड के बाद अब अन्य सड़कों की बारी

नगर की खराब सड़कों को लेकर सवाल पर एसडीएम मोहम्मद नासिर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान एटा रोड पर गड्ढों की समस्या को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर काम कराया गया। रातोंरात काम शुरू कराकर दो दिन में सड़क को गड्ढामुक्त कराया गया था।

उन्होंने बताया कि नगर की अन्य खराब सड़कों के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद अगले तीन से छह महीनों में सड़कों की स्थिति में व्यापक सुधार दिखाई देगा। खराब सड़कों को दुरुस्त कर आवागमन सुगम बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नगरवासियों को जल निकासी, पेयजल, सड़क, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बदलाव देखने को मिलेंगे।

स्ट्रीट लाइटों से विद्युत चोरी का मुद्दा भी उठा

बोर्ड बैठक में गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटों से विद्युत चोरी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। इस सवाल पर उन्होंने जागरण टुडे को बताया कि इस संबंध में सभासदों को सूचना देने के लिए कहा गया है। अगर इसके संबंध में कोई सूचना आती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नगर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ-साथ व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पालिका क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस दौरान नगर पालिका परिषद के सभासद, नामित सभासद, अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन, जलकर निर्माण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.