ड्यूटी के दौरान सोने का फोटो सामने आने से उठे सवाल, शिकायत लेकर पहुंचे व्यक्ति ने गाली-गलौज कर भगाने का लगाया आरोप
कासगंज, गौरव। जिला अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी में ड्यूटी के दौरान चौकी प्रभारी के टेबल पर पैर रखकर सोने का फोटो सोमवार को सामने आया है। फोटो में चौकी प्रभारी करवेन्द्र सिंह कुर्सी पर बैठे हुए टेबल पर पैर रखकर सोते नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के इस तरह सोने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामो निवासी अरविंद कुमार के मुताबिक, वह सोमवार दोपहर चोरी की शिकायत लेकर जिला अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय चौकी प्रभारी करवेन्द्र सिंह कुर्सी पर बैठे टेबल पर पैर रखकर सो रहे थे। अरविंद ने बताया कि उन्होंने चौकी प्रभारी को जगाया।
आरोप है कि जगाने के बाद चौकी प्रभारी ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें चौकी से बाहर जाने के लिए कह दिया। इसके बाद वह वहां से चले आए। इसी दौरान चौकी प्रभारी के टेबल पर पैर रखकर सोने की तस्वीर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
हालांकि, चौकी प्रभारी के नशे में होने संबंधी आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।