Friday, September 11, 2026

Kasganj: लूट की बाइक से फिर वारदात की फिराक में थे बदमाश, मुठभेड़ में तीन दबोचे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 19, 2026

Kasganj: लूट की बाइक से फिर वारदात की फिराक में थे बदमाश, मुठभेड़ में तीन दबोचे

एक बाल अपचारी समेत तीन गिरफ्तार, लूटी गई मोटरसाइकिल-मोबाइल और आधार कार्ड बरामद; दो तमंचे, खोखे व कारतूस भी मिले

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद की गंजडुंडवारा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में वांछित एक बाल अपचारी समेत तीन आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित लूटी गई मोटरसाइकिल से एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड के अलावा दो तमंचे, दो खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।


पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में थाना गंजडुंडवारा, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर 18/19 अगस्त की रात बड़ी नहर के किनारे ग्राम जैधर के पास घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक मौके पर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ के बाद टीम ने तीनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में हिमांशु पुत्र हरिश्चंद्र निवासी ग्राम थाना गांव, थाना पटियाली, अनुराग पुत्र बालिस्टर निवासी ग्राम कुतुबपुर सराय, थाना पटियाली तथा एक बाल अपचारी शामिल है।


पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया है। इसके साथ ही 315 बोर के दो तमंचे, दो खोखे और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। बरामदगी के आधार पर थाना गंजडुंडवारा में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक माह पहले की थी लूट

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पूर्व उन्होंने एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन लूटा था। घटना के बाद तीनों हरियाणा भाग गए थे। पुलिस के अनुसार अब वे उसी लूटी गई मोटरसाइकिल से एक और घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से क्षेत्र में आए थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

इनकी रही मुख्य भूमिका

गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम थाना गंजडुंडवारा मय पुलिस टीम तथा प्रभारी निरीक्षक रितेश कुमार के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस टीम शामिल रही।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.