रानामऊ के जंगल में मुठभेड़ के दौरान तीन गौ-तस्कर गिरफ्तार, तीन तमंचे, कारतूस, बाइक और एक कुंतल गौमांस बरामद
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना अमांपुर पुलिस ने बुधवार देर रात रानामऊ गांव के जंगल में मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर गौ-तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एएसपी सुशील कुमार के अनुसार 19/20 अगस्त की रात थाना अमांपुर पुलिस शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहनपुर रोड स्थित ग्राम रानामऊ के जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर कांबिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जाविद पुत्र मफूल के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपियों आलेहसन और मशरूम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाविद पुत्र मफूल निवासी इंद्रानगर, थाना अमांपुर, आलेहसन पुत्र बरकत निवासी राजीवनगर कस्बा अमांपुर और मशरूम पुत्र सत्तार निवासी राजीवनगर के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, दो छुरी, एक बांका, एक रस्सी तथा करीब एक कुंतल गौमांस बरामद करने का दावा किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सैना समेत थाना अमांपुर पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना अमांपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।