जागरण टुडे, मथुरा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ओरिएंटेशन, प्रशिक्षण और आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को शासन की समय सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति संबंधी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए जनपद के सभी शिक्षण संस्थान निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिक्षण संस्थान मास्टर डाटा में शासन से प्राप्त मान्यता के अनुरूप निर्धारित सीटों और फीस से अधिक सीट या फीस लॉक नहीं करेगा। ऐसा पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया कि संस्थान में अध्ययनरत सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की नियमावली और समय सारिणी की जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक आवेदन कराना सुनिश्चित करें। शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नवीनीकरण (Renewal) छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन की तिथि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तथा नवीन (Fresh) छात्र-छात्राओं के लिए 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि शासन की समय सारिणी के अनुसार पूरी प्रक्रिया को बिंदुवार तैयार कराकर मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से प्रसारित कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं और शिक्षण संस्थानों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र परिवारों को लाभान्वित करने और निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पांडेय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विशाल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद