Friday, September 11, 2026

अस्पताल में जगह-जगह गंदगी देख सीडीओ नाराज, किचिन में मीनू के अनुसार नहीं मिला भोजन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 20, 2026

अस्पताल में जगह-जगह गंदगी देख सीडीओ नाराज, किचिन में मीनू के अनुसार नहीं मिला भोजन

जागरण टुडे, मथुरा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने गुरुवार सुबह जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. वंदना अग्रवाल समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

सीडीओ ने सबसे पहले पंजीयन काउंटरों का निरीक्षण किया। सुबह करीब 9:20 बजे तक 70 मरीजों का पंजीयन हो चुका था, जबकि अन्य मरीज पंजीयन के लिए कतार में लगे थे। इसके बाद ओपीडी का निरीक्षण किया गया। नाक, कान एवं गला रोग ओपीडी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक उपस्थित मिले। हालांकि, ओपीडी कक्षों में गंदगी मिलने पर सीडीओ ने नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई कराने के निर्देश दिए।


आकस्मिक विभाग के निरीक्षण में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ उपस्थित मिला। इमरजेंसी के शौचालय का दरवाजा टूटा हुआ था। वहीं डस्टबिन बेहद गंदी मिली और शौचालय में भी अत्यधिक गंदगी थी। इस पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका और सफाई के लिए अनुबंधित संस्था के मैनेजर को तत्काल सफाई कराने तथा व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में अस्पताल की अग्निशमन व्यवस्था से जुड़े कार्य भी लंबित मिले। यह कार्य यूपीसीडीएफएल के माध्यम से कराया जाना है, लेकिन दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। सीडीओ ने इसे गंभीर आपत्ति का विषय बताते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को कार्यदायी संस्था से व्यक्तिगत रुचि लेकर काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल की किचिन में भोजन की गुणवत्ता भी जांची गई। भोजन निर्धारित आहार मीनू के अनुसार तैयार नहीं किया जा रहा था। सीडीओ ने सप्ताह का मीनू किचिन के अंदर और बाहर प्रदर्शित करने, ब्रांडेड खाद्य तेल का इस्तेमाल सुनिश्चित करने और प्रतिदिन पोषणयुक्त आहार शामिल करने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने को भी कहा।

अस्पताल की सीढ़ियों, वार्ड और अन्य स्थानों पर भी जगह-जगह गंदगी मिली। सीडीओ ने कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को सफाई कार्यदायी संस्था पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए पूरे अस्पताल में नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.