अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मांगी अनुमति
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सहावर क्षेत्र के गांव फरौली में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर चल रहा विवाद अब मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। कई दिनों से सहावर थाने के मंदिर में सुरक्षित रखी भगवान परशुराम की प्रतिमा को लेकर सामाजिक और राजनीतिक विरोध लगातार तेज हो रहा था। इसी बीच अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर फरौली में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला उनके समक्ष रखा। विधायक ने मुख्यमंत्री से प्रतिमा स्थापना के लिए आवश्यक अनुमति दिलाए जाने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अब इस मामले में शासन स्तर पर भी हलचल बढ़ने की उम्मीद है।
दरअसल, विगत दिनो फरौली गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति के भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को हटवा दिया था। इसके बाद प्रतिमा को सहावर थाने के मंदिर में सुरक्षित रखवा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक अथवा ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। वहीं, प्रतिमा स्थापना के पक्ष में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही है।
मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र, अनुमति दिलाने का अनुरोध
अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपे पत्र में जनपद कासगंज की तहसील सहावर के ग्राम फरौली में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने के लिए आवश्यक स्वीकृति दिलाए जाने का अनुरोध किया है। विधायक ने पत्र में बताया कि फरौली में करीब एक वर्ष पूर्व परशुराम चौक तैयार कराया गया था। इसके निर्माण में उनके निजी धन का उपयोग किया गया है और इसी चौक पर भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित की जानी है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मामले में आवश्यक अनुमति दिलाने के साथ संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया है। हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से मुलाकात के दौरान इस मामले में क्या निर्देश दिए गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पहले डीएम से भी मिला था प्रतिनिधिमंडल
प्रतिमा प्रकरण को लेकर इससे पहले अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा और ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह से मुलाकात कर फरौली में भगवान परशुराम की प्रतिमा हटाए जाने के मामले में अपना पक्ष रखा था और प्रतिमा स्थापना की अनुमति दिलाने की मांग की थी।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया था। अब अमांपुर विधायक की मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात के बाद फरौली का यह मामला जिला स्तर से निकलकर शासन स्तर तक पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रतिमा स्थापना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।