बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का विरोध जारी है। सोमवार को समाजवादी छात्र सभा और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रशासन से वार्ता कर बढ़ी फीस, अतिरिक्त शुल्क और नगर निगम टैक्स के नाम पर छात्रों से की जा रही वसूली पर सवाल खड़े किए। प्रतिनिधियों ने शुल्क वसूली का नियम और उसका आधार सार्वजनिक करने की मांग की।
मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल, पूर्व छात्र संघ महामंत्री हृदयेश यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद फरहान अली ने कहा कि छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। अनावश्यक फीस वृद्धि कर दी गई। नियम विरुद्ध अतिरिक्त शुल्क लेने के साथ ही वोकेशनल कोर्स की बढ़ा दी।
वार्ता के दौरान सबसे तीखा सवाल कॉलेज के नगर निगम टैक्स को लेकर उठाया गया। छात्र प्रतिनिधियों ने कॉलेज प्रशासन से पूछा कि कॉलेज पर बकाया नगर निगम टैक्स की राशि छात्रों से किस नियम और अधिकार के तहत वसूली जा रही है। उन्होंने शुल्क निर्धारण और वसूली से संबंधित आदेश व पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की।
प्राचार्य के अवकाश पर होने के कारण उप प्राचार्य डॉ. वंदना शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने कहा कि फीस और अन्य शुल्कों से जुड़े सभी सवालों का विस्तृत जवाब प्राचार्य की मौजूदगी में दिया जाएगा। इसके लिए 27 अगस्त को दोबारा वार्ता का समय निर्धारित किया गया है।
समाधान नहीं तो फिर आंदोलन
पूर्व छात्र संघ महामंत्री हृदेश यादव ने कहा कि छात्रों पर किसी भी तरह का अनावश्यक आर्थिक बोझ स्वीकार नहीं किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन को सभी शुल्कों के संबंध में पारदर्शी तरीके से जवाब देना होगा। महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने कहा कि छात्रों के अधिकारों के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। यदि अगली वार्ता में संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता बृजेश श्रीवास्तव, अभिषेक यादव, दीपक यादव, संजय मेवाती, किशन यादव समेत समाजवादी छात्र सभा और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।