Saturday, September 12, 2026

शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजे नारे

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 25, 2026

शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजे नारे

जागरण टुडे, बरेली

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मंगलवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी शान और अकीदत के साथ निकाला गया। अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन के तत्वावधान में आयोजित जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। करीब 105 अंजुमनों ने इसमें भाग लिया। जुलूस के दौरान शहर की फिजा नातिया नारों से गूंजती रही। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और लंगर वितरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे जुलूस कमेटी के कैंप कार्यालय पर कुरानख्वानी से हुई। इस दौरान कमेटी के दिवंगत पदाधिकारियों शमीम उद्दीन और डॉक्टर चिश्ती समेत अन्य लोगों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया और उनके लिए दुआ की गई।

इसके बाद दरगाह तहसीनिया के सज्जादानशीन मौलाना हस्सान रजा खान ने हाफिज मोबीन और कमर चिश्ती को परचम सौंपकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस में शामिल अंजुमनों के लोग धार्मिक नारों के साथ आगे बढ़े।

फूलों और रोशनी से सजीं मोटरसाइकिलें

जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल रहे। युवाओं ने अपनी मोटरसाइकिलों को फूलों और रोशनी से सजाया था। कई अंजुमनों के सदस्य एक जैसे परिधानों में नजर आए। कुछ अंजुमन इस्लामी संदेश लिखी तख्तियां, बैनर और राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे।

जुलूस में अंजुमन दावत-ए-इस्लामी, अंजुमन रजाए मुस्तफा, अंजुमन लश्करे रजा, अंजुमन गुलजारे रशीदी, अंजुमन ख्वाजा गरीब नवाज, अंजुमन सगे आला हजरत, अंजुमन फिदा-ए-रसूल, अंजुमन रिजवाने मिल्लत, अंजुमन फलाए मोमिनीन और अंजुमन फैजाने आला हजरत समेत करीब 105 अंजुमनों ने भाग लिया।

200 स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था

जुलूस में व्यवस्था बनाए रखने के लिए शादाब शमीम के नेतृत्व में इकरार, जावेद अली, तस्लीम बेग, शबाब खान, अफसर खान, राजा, शानू, शोएब रजा और शब्बू शमीम समेत करीब 200 स्वयंसेवक सेवा में जुटे रहे। जुलूस मार्ग पर लोगों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों ने जिम्मेदारी संभाली।

जुलूस के मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने स्वागत शिविर लगाए। अकीदतमंदों के लिए लंगर और जलपान की व्यवस्था भी की गई।

प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा जुलूस

जुलूस छह मीनार मस्जिद, मुन्ना खां के नीम के पास से शुरू होकर मीरा की पेठ, बुखारपुरा, जवाहर इंटर कॉलेज पुलिया, रोहली टोला और जगतपुर स्थित हाफिज मियां की मजार से होकर कांकरटोला पुलिस चौकी के सामने पहुंचा। यहां से शाहदाना, असम की कंपनी तिराहा और आजाद इंटर कॉलेज होते हुए सैलानी स्थित मुन्ना खां के नीम पर जुलूस कमेटी के मंच तक पहुंचा। देर रात जुलूस का समापन हुआ।

जुलूस में नवाब मुजाहिद हसन खान, प्रोफेसर जाहिद खान, इकरार अहमद, काजी अलीमुद्दीन, मोहम्मद मियां, डॉक्टर अनीस बेग, हाजी जावेद खान और नासिर कुरैशी समेत कई लोग शामिल रहे। व्यवस्था में ईमशाद हुसैन, अंजुम शमीम, मोहम्मद उस्मान, यामीन अहमद, अनवर हसन, सैयद जफर और करामतुल्लाह समेत अन्य पदाधिकारियों ने सहयोग किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.