Friday, September 11, 2026

Kasganj: सजी झांकियां, जगमगाती राहें और ऊंट-घोड़ों पर बच्चे... जुलूस-ए-मोहम्मदी को देखते रह गए लोग

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 26, 2026

Kasganj: सजी झांकियां, जगमगाती राहें और ऊंट-घोड़ों पर बच्चे... जुलूस-ए-मोहम्मदी को देखते रह गए लोग

नारे-ए-तकबीर के नारे से गूंजा कस्बा गंजडुंडवारा, सजी-धजी झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र; रास्तेभर लोगों ने शर्बत और मिष्ठान से किया स्वागत

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पैगंबर-ए-रहमत हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को गंजडुंडवारा में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में उमड़ी भीड़, आकर्षक झांकियां, ऊंट-घोड़ों पर सवार नौनिहाल और रंग-बिरंगी रोशनी से सजी सजावट ने पूरे कस्बे की फिजा को खास बना दिया। जुलूस जिस रास्ते से गुजरा, वहां लोगों की निगाहें बरबस इसकी ओर टिक गईं और बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े होकर जुलूस की रौनक निहारते नजर आए।



जुलूस का आगाज कुंआ जामा मस्जिद से हुआ, जहां नगर पालिका चेयरमैन हाजी मुनव्वर हुसैन ने फीता काटकर जुलूस को रवाना किया। जिसके बाद वह कार मे सवार हो पुत्र अजहर हुसैन व अन्य के साथ जुलूस ले आगे बढे तो बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में इसमें शामिल होते गए। नात-ए-पाक की सदाओं और नारे-ए-तकबीर से वातावरण गूंज उठा। जुलूस में शामिल लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया और लोग पूरे अकीदत के साथ जुलूस में चलते रहे।


जुलूस में शामिल कई आकर्षक और सजी-धजी झांकियां एवं डीजे इसकी खास रौनक बनी रहीं। झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा रही। वहीं सजे हुए ऊंट और घोड़ों पर सवार होकर चल रहे बच्चे हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचते रहे। पारंपरिक अंदाज में सजे नौनिहालों को देखने के लिए लोग रास्ते में रुकते नजर आए। बच्चों की सवारियों और झांकियों की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद करने का भी लोगों में उत्साह दिखाई दिया।


जुलूस के मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। शाम के समय रोशनी से नहाया मार्ग जुलूस की खूबसूरती को और बढ़ा रहा था। कुंआ जामा मस्जिद की विशेष सजावट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मस्जिद और आसपास की सजावट देखने के लिए लोग काफी देर तक रुके रहे।


जुलूस के रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने अकीदतमंदों का स्वागत किया। कहीं शर्बत तो कहीं पानी और मिष्ठान वितरित किया गया। लोगों ने जुलूस में शामिल बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह बढ़ाया। पूरे जुलूस के दौरान लोगों में अकीदत के साथ भाईचारे और सौहार्द का माहौल दिखाई दिया।


बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता, आकर्षक झांकियों, सजी हुई सवारियों और रोशनी से सजे मार्ग के चलते जुलूस-ए-मोहम्मदी कस्बे में आकर्षण का केंद्र बना रहा। जुलूस के गुजरने के दौरान सड़क किनारे खड़े लोग देर तक इसकी रौनक निहारते रहे। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न हुआ।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.