जागरण टुडे, मथुरा।
मथुरा। पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर ब्रह्मधाम आसोतरा में आस्था, भक्ति और संत सान्निध्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां चल रहे ब्रह्म सावित्री पीठाधीश्वर संत तुलछाराम महाराज के 46वें चतुर्मास कार्यक्रम में सुदर्शन न्यूज चैनल के चेयरमैन डॉ. सुरेश चव्हाणके अपने परिवार के साथ पहुंचे। उन्होंने संत तुलछाराम महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चतुर्मास कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. सुरेश चव्हाणके
चतुर्मास के दौरान प्रतिदिन धर्म प्रवचन, आध्यात्मिक सत्संग, तप-साधना, यज्ञ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 26 सितंबर तक चलेगा। डॉ. सुरेश चव्हाणके और उनके परिवार का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
डॉ. राजकुमार राजपुरोहित का भी अभिनंदन
इस अवसर पर सुदर्शन न्यूज चैनल के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. राजकुमार राजपुरोहित का भी राजपुरोहित समाज की ओर से साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। संत के सान्निध्य में समाज के लोगों के आत्मीय मिलन से कार्यक्रम स्थल का माहौल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।
कान सिंह गुरडाई ने डॉ. चव्हाणके को गुरुमहाराज की कुटिया, भोजनशाला, सभा भवन सहित विभिन्न तप आश्रमों का भ्रमण कराया। उन्होंने चतुर्मास के दौरान चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों, साधना और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में कानसिंह गुरडाई, प्रह्लादसिंह मादड़ी, पवनसिंह ढाबर, रघुनाथसिंह आराबा, श्रवणसिंह नोरवा (चरखी दादरी), श्रवणसिंह नारवा, एसपी सिंह मेघलासिया, विशनसिंह घंटियाला, गोविंदसिंह, सांवल चंद धुमाड़िया, धुखाराम जूनी बाली, बृजेश दासपा, अशोकसिंह भेंसेर कोतवाली, मोतीसिंह थोब, ओमसिंह बासनी (बादशाह नमकीन) सहित कई वरिष्ठजन मौजूद रहे।
चतुर्मास के दौरान ब्रह्मधाम आसोतरा में धार्मिक अनुष्ठानों और संत प्रवचनों का क्रम जारी है। पुत्रदा एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संत श्री तुलछाराम महाराज के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ लिया।