Friday, September 11, 2026

Kasganj: रक्षाबंधन की खुशियों के बीच गंगा ने डराया, बरौना में दरका गांव किनारे बना पुराना बांध...मचा हड़कंप

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 28, 2026

Kasganj: रक्षाबंधन की खुशियों के बीच गंगा ने डराया, बरौना में दरका गांव किनारे बना पुराना बांध...मचा हड़कंप

त्योहार की रौनक के बीच कटान से पुराना बांध क्षतिग्रस्त, खबर फैलते ही मौके पर उमड़ी भीड़; सिंचाई विभाग ने संभाला मोर्चा

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद की तहसील पटियाली क्षेत्र के बरौना गांव मे एक ओर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर घर-घर खुशियों की रौनक थी, बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर त्योहार मना रही थीं, वहीं दूसरी ओर गांव में गंगा नदी किनारे बने बांध मे हुए कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। देखते ही देखते नदी किनारे स्थित पुराना बांध कटान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त होकर दरकने लगा। बांध के कमजोर पड़ने की खबर गांव में पहुंचते ही हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियो को दी गई।


वही उक्त बांध के दरकने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग सक्रिय हुआ। ग्रामीणों द्वारा अधिकारियों को जानकारी दिए जाने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। इसके बाद कटान को रोकने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया गया। मजदूरों ने बोरियों में रेत भरकर उन्हें कटान वाले स्थान पर लगाया। पानी के बहाव और कटान को आगे बढ़ने से रोकने के लिए यह काम देर शाम तक चलता रहा।


वही त्योहार के बीच गंगा किनारे जुटी भीड़ में हर किसी की नजर बांध पर टिकी रही। ग्रामीणों को आशंका थी कि यदि लगातार कटान बढ़ा तो गंगा का पानी गांव मे प्रवेश कर सकता है। हालांकि तत्परता दिखा सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया, स्थिति को तत्काल संभालने के प्रयास किए गए।


सिंचाई विभाग के एसडीओ पंकज कश्यप ने बताया कि गांव में स्थित मंदिर के पास पुराना बांध कटान के चलते क्षतिग्रस्त हुआ है। बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि नदी में जल कम होने पर कटान की स्थिति बनती है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और विभागीय टीम मौके पर निगरानी रखते हुए बचाव कार्य करा रही है।


रक्षाबंधन की खुशियों के बीच गंगा का यह बदला रुख ग्रामीणों के लिए चिंता का सबब बन गया। हालांकि तत्काल बचाव कार्य शुरू होने से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन पुराने बांध की हालत को देखते हुए ग्रामीणों की नजर अब गंगा के जलस्तर और कटान की स्थिति पर बनी हुई है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.