जागरण टुडे, मथुरा।
जन्माष्टमी पर्व से पहले ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ‘ब्रज वैभव अभियान’ के तहत रविवार को व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। हार्टफुलनेस संस्था के करीब 250 स्वयंसेवकों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। साथ ही स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान में मथुरा के अलावा कानपुर, आगरा, अलीगढ़, दिल्ली, नोएडा और मध्य प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों ने गेट नंबर-3, गोविंद नगर, पत्रा कुंड, श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुख्य द्वार, डीग गेट, मसानी और खेरता समेत आसपास के क्षेत्रों में सफाई की।
स्वयंसेवकों ने लोगों से संवाद कर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और डस्टबिन का इस्तेमाल करने की अपील की। अभियान के दौरान ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ का संदेश दिया गया। लोगों से जन्माष्टमी के दौरान भी स्वच्छता बनाए रखने और दूसरे श्रद्धालुओं को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
हार्टफुलनेस के मथुरा समन्वयक निशांत शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान संस्था के करीब 200 स्वयंसेवक भंडारों और प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
हार्टफुलनेस के उत्तर प्रदेश समन्वयक अनुपम अग्रवाल ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं के सहयोग से ही धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और डस्टबिन का प्रयोग करने की अपील की। जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने को देखते हुए संस्था की ओर से स्वच्छता को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अभियान में सुरेंद्र शर्मा, रमेश वर्मा, ऋषिरंजन, एसपी सिंह, सुरेश पाठक, मनीष शुक्ला, प्रमोद शुक्ला, अभिषेक गुप्ता, जेएन वर्मा, उषा अग्रवाल, सुधा आर्या, पुष्पा लता और ज्योति समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।