जागरण टुडे, मथुरा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा-वृंदावन सहित ब्रज के धार्मिक स्थलों को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रस्तावित दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 263.69 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 182.39 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 23 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि शिलान्यास वाली परियोजनाओं में धार्मिक पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण और पर्यटक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव में सखीगिरी पर्वत के 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन कराया जाएगा। महावन के प्रेमनगर स्थित बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास होगा। शेरगढ़ के श्री दाऊजी मंदिर परिसर में संरक्षण कार्य, पंडाल, पार्किंग और सुलभ प्रसाधन बनाए जाएंगे।
फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण, वृंदावन परिक्रमा मार्ग के भवनों पर फसाड लाइटिंग, सौंदर्यीकरण और साइनेज तथा गोवर्धन में पर्यटन सुविधाओं का विकास भी प्रस्तावित है।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं में छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड, छटीकरा-वृंदावन मार्ग और मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सौंदर्यीकरण प्रमुख है। लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का उच्चीकरण, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग व पर्यटक सुविधाएं तथा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास गलियों और मार्गों पर स्ट्रीट फसाड विकसित किए जाएंगे।
लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में बज्रनाभ समाधि का पुनरुद्धार व सौंदर्यीकरण और वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण शामिल है। नौहझील के झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी और पानीगांव स्थित यमुना पुल पर फसाड लाइटिंग की जाएगी।
मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, विभिन्न भाषाओं में साइनेज बोर्ड, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर-वृंदावन रोड पर नया प्रवेश द्वार और जिले के विभिन्न बॉर्डर प्वाइंट पर भव्य प्रवेश द्वार भी श्रद्धालुओं को समर्पित किए जाएंगे।
वहीं, केशीघाट पर फसाड लाइटिंग, वृंदावन कुंभ मेला मैदान में शेड, बरसाना में यात्री शेड, वाटर प्वाइंट, होल्डिंग एरिया और शौचालय जैसी परियोजनाएं भी लोकार्पित होंगी। इन विकास कार्यों से ब्रज में धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं, सड़क व प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और स्थानीय हस्तशिल्प गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।