उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के थाना भोजीपुरा पुलिस ने ऑटो लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ऑटो रिक्शा, एक तमंचा, तीन कारतूस और आधार कार्ड की रंगीन प्रति बरामद की है। घटना में शामिल तीसरा आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्र ने प्रेस वार्ता में बताया कि 27 अगस्त को सुभाषनगर निवासी सग्गन पुत्र मक्खन सिंह ने भोजीपुरा थाने में तहरीर देकर ऑटो लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और ऑटो रिक्शा लूटकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सुनसान रास्ते पर चालक से की मारपीट
प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने शनिवार तड़के सेमीखेड़ा-बरौर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न, दोनों निवासी ग्राम सेमीखेड़ा, थाना देवरनिया के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं। उन्हें नशे, मौज-मस्ती और अपनी गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत थी। रुपये जुटाने के लिए उन्होंने अपने साथी शिवम उर्फ डब्बीलाल के साथ मिलकर ऑटो लूटने की योजना बनाई।
आरोपियों के मुताबिक तीनों ने सिटी स्टेशन से जादौपुर जाने के लिए ऑटो बुक किया। रास्ते में सुनसान स्थान देखकर उन्होंने ऑटो चालक पर लोहे के बाट से हमला कर दिया। इसके बाद गमछे से उसका गला दबाया और उसे सड़क पर गिराकर ऑटो लेकर फरार हो गए।
दुकानों में छिपाकर रखा था लूटा ऑटो
पुलिस के अनुसार, ऑटो लूटने के बाद आरोपियों ने उसे अपनी दुकानों में छिपाकर रख दिया था। शनिवार को दोनों आरोपी ऑटो को वहां से ठिकाने लगाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया ऑटो रिक्शा संख्या यूपी 25 जेटी 0829 बरामद कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और आधार कार्ड की रंगीन प्रति भी बरामद हुई। बरामद हथियार और कारतूस के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी मुकदमे में बढ़ाई गई हैं।
तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस के मुताबिक ऑटो लूट की वारदात में तीन आरोपी शामिल थे। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तीसरे आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल की तलाश की जा रही है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।