कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की ओर से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से न निपटाया जाए, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए।
जनता दर्शन के दौरान सामने आई गंभीर शिकायतों को जिलाधिकारी ने विशेष प्राथमिकता दी। संबंधित अधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर उन्होंने मामलों की जानकारी ली और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में किसी भी तरह की देरी न हो और संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम ने शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत मिले।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक देरी या खानापूर्ति को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ शिकायतें सुनने और निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।