जागरण टुडे। जनपद एटा के नयागांव थाना पुलिस ने करीब दो साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने अपने देवर ताराचंद के साथ मिलकर युवक पवन की हत्या करने की बात स्वीकार की है। विवेचना में हत्या की धारा 302 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक घटना के कुछ दिन बाद ताराचंद की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
बाजार जाने की कहकर घर से निकला था पवन
नगला तारा निवासी नंदराम का 22 वर्षीय बेटा पवन 25 अप्रैल 2024 की शाम करीब पांच बजे सराय अगहत बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने तीन मई 2024 को नयागांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मामले में 28 नवंबर 2024 को अपहरण की धारा 364 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस लगातार युवक की तलाश और मामले की विवेचना में जुटी रही।
जाबड़ा नहर में मिला था शव
विवेचना के दौरान पुलिस को 29 अक्तूबर 2025 को जानकारी मिली कि पूर्व में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की जाबड़ा नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव से संबंधित फोटो, कपड़े और अन्य पहचान चिह्न सुरक्षित रखे थे।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने अज्ञात शव के फोटो और पहचान चिह्नों को पवन के परिजनों को दिखाया। शरीर पर बने टैटू, दाहिने हाथ में बंधा कलावा, पहने हुए कपड़े और सैंडिल के आधार पर परिजनों से पहचान कराई गई। नंदराम, उनकी पत्नी और बेटे ने शव की पहचान पवन के रूप में की। परिजनों ने शव के पहचान चिह्नों की भी पुष्टि की।
पूछताछ में महिला ने कबूल किया जुर्म
पुलिस ने मामले में वांछित चल रही महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने अपने देवर ताराचंद के साथ मिलकर पवन की हत्या करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी बताया कि घटना के कुछ दिन बाद ताराचंद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
मामले में पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ाते हुए गिरफ्तार महिला के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।