Friday, September 11, 2026

शाहजहांपुर पुलिस ने 35 लाख के मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 2, 2026

शाहजहांपुर पुलिस ने  35 लाख के  मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

निखिल कुमार, शाहजहांपुर

जागरण टुडे। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में शाहजहांपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल, एसओजी और थानों पर संचालित साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने करीब 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।


मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लोगों ने शाहजहांपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

लगातार निगरानी से मिली सफलता

एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। सर्विलांस सेल, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद किया। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की सूचना तत्काल संबंधित थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दी जानी चाहिए। समय से सूचना मिलने पर मोबाइल की तलाश और उसे ट्रैक करने में पुलिस को मदद मिलती है।

CEIR पोर्टल पर मोबाइल कराएं ब्लॉक

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे चोरी या गुम हुए फोन के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने में मदद मिलती है। पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल की ट्रैकिंग में भी मदद मिलती है। इसके साथ ही संबंधित सिम को बंद कराने के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाता को सूचना देना जरूरी है।

मोबाइल चोरी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से कहा है कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने के बाद शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें। मोबाइल का बिल, आईएमईआई नंबर और अन्य जरूरी जानकारी सुरक्षित रखना भी उपयोगी है। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस के लिए मोबाइल को तकनीकी माध्यमों से ट्रैक कर बरामद करने की संभावना बढ़ जाती है। बरामद 151 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को लौटाए जाने के बाद लोगों ने शाहजहांपुर पुलिस की जमकर प्रशंसा की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.