70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का बनेंगे आयुष्मान कार्ड
जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अब राशन की दुकानों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। राशन वितरण के दिनों में कोटेदारों की दुकानों पर कैंप लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। जिले में ऐसे करीब 26 हजार पात्र लोगों के कार्ड बनाने का लक्ष्य 10 सितंबर तक रखा गया है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी समन्वय बनाकर अभियान चलाएं।
एक साथ 100 राशन दुकानों पर लगेगा कैंप
राशन वितरण के दौरान एक बार में 100 राशन दुकानों पर कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कैंप में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और पंचायत सहायकों की मदद ली जाएगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पात्र व्यक्ति कार्ड बनवाने से वंचित न रहे।
डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिले में 623 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्ड सात सितंबर को विशेष अभियान के तहत बनाए जाएंगे। जिन आशा कार्यकर्ताओं के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके कार्ड भी प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएंगे।
फैमिली आईडी की मर्जिंग एक सप्ताह में होगी पूरी
बैठक में फैमिली आईडी की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अलग-अलग बनी फैमिली आईडी को चिन्हित कर एक ही फैमिली आईडी में मर्ज कराया जाए। इस प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने बीडीओ, पंचायत सचिव और पंचायत सहायकों को आयुष्मान कार्ड बनाने का काम शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान की नियमित निगरानी करने और पात्र लाभार्थियों के कार्ड समय से बनवाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल सके।