पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई की गई। केंद्र में कुल 27 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई। परामर्श और आपसी बातचीत के बाद छह दंपतियों के बीच विवाद समाप्त कराकर उन्हें सकुशल साथ भेजा गया।
परामर्श के दौरान थाना कटरा क्षेत्र के एक दंपति के बीच करीब एक साल से चल रहा विवाद सुलझाया गया। पत्नी मायके में रह रही थी, जबकि पति राजस्थान में नौकरी करता था। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद पति-पत्नी ने शाहजहांपुर में साथ रहने पर सहमति जताई।
इसी तरह थाना मदनापुर क्षेत्र के दंपति के बीच विवाद में पति ने शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट नहीं करने का आश्वासन दिया। साथ ही पत्नी का इलाज कराने की बात भी कही। इसके बाद दोनों के बीच समझौता करा दिया गया।
थाना कोतवाली और कांट क्षेत्र से जुड़े तीन दंपतियों के पारिवारिक विवादों का भी वार्ता और समझाइश के माध्यम से समाधान कराया गया। दोनों पक्षों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने के लिए सहमत किया गया।
थाना रोजा क्षेत्र के एक दंपति के बीच करीब छह माह से चल रहे विवाद को भी परामर्श के जरिए समाप्त कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात समझते हुए साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद दंपति को सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक मधु यादव के साथ महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी, नेहा चौहान और आरक्षी विनीत कुमार मौजूद रहे।