Friday, September 11, 2026

वित्तमंत्री ने सात संपर्क मार्गों का किया शिलान्यास, जल्द होगा निर्माण

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 4, 2026

वित्तमंत्री ने सात संपर्क मार्गों का किया शिलान्यास, जल्द होगा निर्माण

शैलेंद्र पांडेय, शाहजहांपुर

जागरण टुडे।  ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर करने के लिए जिले में सात महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण कार्यों का शिलान्यास वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नए संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

252.63 लाख की लागत से बनेगा 2.80 किलोमीटर मार्ग

निगोही मार्ग से शाहबाजनगर-निवाड़ी मार्ग पर स्थित गन्ना सेंटर तक 2.800 किलोमीटर लंबे मार्ग का नवनिर्माण 252.63 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

शाहबाजनगर में कई मार्गों का होगा निर्माण

हनुमानमूर्ति शाहबाजनगर मार्ग से बेहटा रोड होते हुए बड़े मोहल्ले तक 0.770 किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर 170.93 लाख रुपये खर्च होंगे। राईखुर्द से रज्जबनगर शाहबाजनगर फाटक तक 0.515 किलोमीटर मार्ग का नवनिर्माण 87.66 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

शाहबाजनगर में खेड़ा मोहल्ला से गर्रा नदी तक 1.800 किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर 184.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, मोहल्ला बड़ा बेहटा रोड/रिंग रोड से मोहल्ला कछियाना तक 0.410 किलोमीटर मार्ग का नवनिर्माण 49 लाख रुपये की लागत से होगा।

रज्जबनगर और आईटीआई मार्ग भी होंगे बेहतर

ग्राम रज्जबनगर में रामदयाल की बगिया से आंगनबाड़ी होते हुए बारात घर तक 0.650 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 63.50 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। शाहबाजनगर आईटीआई से ज्ञानी अमरीक सिंह झाला और हरभजन सिंह के झाले तक 1.200 किलोमीटर मार्ग का नवनिर्माण 125.83 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। संपर्क मार्गों के मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी और लोगों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.