शाहजहांपुर। थाना जैतीपुर पुलिस ने जानलेवा हमला कर फायरिंग करने के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर एक पौनिया 315 बोर, एक तमंचा 315 बोर, चार जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद असलहों के संबंध में आरोपी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार ग्राम छेदापट्टी निवासी जयवीर सिंह ने 31 अगस्त को थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि खेत में भैंस चराने से मना करने पर पेशकार, शैलेन्द्र उर्फ पुजारी और धीरेन्द्र ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद तीनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से जयवीर के भाई धर्मवीर और रामवीर घायल हो गए थे।
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी थी।
बगिया की झोंपड़ी और मचान से पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी छेदापट्टी स्थित बगिया की झोंपड़ी और मचान के आसपास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पेशकार (40), शैलेन्द्र उर्फ पुजारी (35) और धीरेन्द्र (28) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर असलहे और कारतूस बरामद किए। बरामदगी के संबंध में आरोपियों से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।