शादी का झांसा देकर युवती को सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को पीड़िता के परिजन की तहरीर पर मोहल्ला अली जई निवासी इंतजार पुत्र मुश्तर के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 442/26 दर्ज किया गया था। आरोप है कि इंतजार ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। तहरीर में घटना में अन्य लोगों के सहयोग करने का आरोप भी लगाया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान तीन सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित इंतजार अंबा टॉकीज के पास गिरफ्तारी से बचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंबा टॉकीज से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान के पास से आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए दोपहर करीब 2:40 बजे हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 29 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार और कांस्टेबल आदित्य कुमार शामिल रहे।