सहावर, अनवर खान। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए डीएम ने प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में एसडीएम सुशांत सांवरे, सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र, तहसीलदार संदीप चौधरी, नायब तहसीलदार धनवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।