Friday, September 11, 2026

Kasganj: नजूल भूमि पर बुलडोजर चला तो आरोपों से गरमाया माहौल, एसडीएम ने बताया बेबुनियाद

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 5, 2026

Kasganj: नजूल भूमि पर बुलडोजर चला तो आरोपों से गरमाया माहौल, एसडीएम ने बताया बेबुनियाद

एसडीएम पटियाली बोले- नजूल भूमि पर था अतिक्रमण, बार-बार नोटिस के बाद हटाया कब्जा

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली। नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने की गुरुवार को हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पटियाली में शनिवार को माहौल गरमा गया। कश्यप समाज के परिवार पर कार्रवाई से नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बॉबी कश्यप की अगुवाई में सैकड़ों लोग तहसील पहुंचे और एसडीएम आतिश कुमार सिंह के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को गलत, पक्षपातपूर्ण और किसी के दबाव में किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद कार्रवाई की गई। हालांकि, एसडीएम आतिश कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई किसी दबाव या पक्षपात में नहीं, बल्कि सरकारी नजूल भूमि से स्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार की गई है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विशाल कश्यप को पर्याप्त नोटिस दिए बिना कार्रवाई की गई तथा जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बॉबी कश्यप ने कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए इसे राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर कार्रवाई का विरोध जताया।


एसडीएम आतिश कुमार सिंह के मुताबिक अमीर खुसरो पार्क एवं पुस्तकालय से लगी भूमि नजूल संपत्ति है। उक्त भूमि पर विशाल कश्यप एवं उनके परिवार द्वारा अतिक्रमण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए बार-बार नोटिस दिए गए और कई बार समझाया भी गया, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।


उन्होंने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई भूमि की कीमत करीब दो करोड़ रुपये के आसपास है और लगभग 16 से 20 बिस्वा क्षेत्रफल की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप इस भूमि पर कम्पोस्ट पिट बनाए जाने की योजना है। एसडीएम आतिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई किसी व्यक्ति या परिवार को निशाना बनाकर नहीं की गई, बल्कि सरकारी संपत्ति को अतिक्रमणमुक्त कर उसके निर्धारित सार्वजनिक उपयोग के लिए की गई है।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.