Friday, September 11, 2026

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का हुआ सम्मान

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 6, 2026

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का हुआ सम्मान

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)।

स्वामी दयानन्द सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, परौरा (मीरगंज ) में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण के साथ किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश गंगवार ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी प्रदान करते हैं। राष्ट्र निर्माण में गुरुजनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यवीर गंगवार ने विद्यार्थियों को शिक्षकों के बताए मार्ग पर चलने और सदैव उनका सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है।

निदेशक पंकज गंगवार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक समाज को सही दिशा देने के साथ ही उसमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ उठाने का आह्वान किया।

समारोह में उपप्रधानाचार्य जसवीर गंगवार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधानाचार्य आदेश पाल गंगवार ने विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक नूतन लाल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने उनके लंबे, समर्पित एवं निष्ठावान शैक्षणिक सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को विद्यालय के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हुआ।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.