नगर निगम में विभागीय कार्यों की प्रगति को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त सुश्री सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही गति और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त, जीएम जल, अकाउंट ऑफिसर, टैक्स असेसमेंट ऑफिसर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, एई जल, जेई जल और सीएसएफआई हरिवंश दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों से संबंधित कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समयसीमा और सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम से जुड़े विकास और जनसुविधा के कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और जिन कार्यों में प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है, उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय समन्वय बेहतर बनाकर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जल विभाग, कर निर्धारण, स्वास्थ्य और लेखा समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं और विभागीय कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। जनहित से जुड़े कार्यों को समय से पूरा करना प्राथमिकता में रखा जाए।
अधिकारियों ने बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।