जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय भिटौना एवं जूनियर हाईस्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता, बच्चों की उपस्थिति तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और उनसे सीधे संवाद कर पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की शैक्षणिक प्रगति पर व्यक्तिगत ध्यान दिया जाए और पढ़ाई को रुचिकर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति की समीक्षा करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता और मीनू के अनुसार भोजन मिलने की जानकारी भी ली।
डीएम ने विद्यालय स्टाफ को स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।