ओमकार गंगवार, मीरगंज(बरेली)।
बरेली जनपद के मीरगंज इलाके के ग्राम सिल्लापुर और नथपुरा में किसानों के साथ किसान वैज्ञानिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान किसानों को शरदकालीन गन्ने की बुवाई, फसल प्रबंधन और अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
गन्ना शोध संस्थान, शाहजहांपुर के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वीसी जादौन ने किसानों को शरदकालीन गन्ने की बुवाई के लिए उन्नत एवं स्वस्थ बीज तथा उपयुक्त प्रजाति का चयन करने की सलाह दी। उन्होंने खेत की उचित तैयारी, भूमि उपचार और निर्धारित समय पर गन्ने की बुवाई करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों को बुवाई के दौरान उचित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई।
डॉ. जादौन ने कहा कि बुवाई से पहले बीज का उचित उपचार करने से फसल को विभिन्न रोगों से बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के साथ जैविक खाद के प्रयोग की सलाह दी। फसल की बेहतर वृद्धि के लिए समय-समय पर सिंचाई, निराई-गुड़ाई और खरपतवार नियंत्रण करते रहने को भी जरूरी बताया।
फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड इकाई मीरगंज (बरेली)चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना प्रदीप कुमार ने किसानों की गन्ना बुवाई से संबंधित विभिन्न समस्याओं और सवालों का समाधान किया तथा आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने किसानों से ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई करने की अपील की, जिससे बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके। इस दौरान चीनी मिल की ओर से गन्ना बुवाई के लिए किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहयोग की भी जानकारी दी गई।
गोष्ठी में एफजीइएल चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक गन्ना अंग्रेज सिंह, मोहन स्वरूप गंगवार और रतिराम सिंह, श्री मोहित कुमार, जोनल अधिकारी विवेक कुमार, फील्ड स्टाफ से हरनाम सिंह और सूरजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने किसानों की सहभागिता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।