देवर-भाभी के रिश्ते का खौफनाक अंत की आशंका ! हजारा नहर किनारे मिले जेवर, कपड़े और पर्स, दोनों की तलाश जारी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। रात के सन्नाटे में करीब तीन बजे मोबाइल की घंटी बजी। दूसरी तरफ छोटे भाई की आवाज थी—‘‘हम मां की कसम खाते हैं, हजारा नहर में कूदकर जान दे रहे हैं...’’ इसके बाद फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक प्वाइंट के पास मिले महिला और युवक के सामान ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया। पुलिस को आशंका है कि देवर-भाभी ने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों की तलाश में पीएसी की फ्लड कंपनी और गोताखोर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
सदर कोतवाली पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह पीआरवी-7910 के माध्यम से सूचना मिली कि नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक प्वाइंट के पास एक थैली में लावारिस सामान पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो थैली में पर्स, जेवर, महिला का पासपोर्ट साइज फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस, चार एटीएम कार्ड, एक जोड़ी महिलाओं के कपड़े और करीब पांच हजार रुपये मिले। जांच में सामान सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मनौटा निवासी युवक और उसकी भाभी का होने की जानकारी हुई।
पुलिस के अनुसार युवक सोमवार सुबह घर से दवाई लेने की बात कहकर निकला था। वहीं हरियाणा के पानीपत में काम करने वाला उसका बड़ा भाई रात में कमरे पर पहुंचा तो उसकी पत्नी वहां नहीं थी। चार साल की बच्ची अकेली कमरे में सो रही थी। भाई ने छोटे भाई को फोन किया तो उसने बताया कि उसकी भाभी उसके साथ दिल्ली में है और चिंता की कोई बात नहीं है।
इसके बाद देर रात करीब तीन बजे छोटे भाई ने दोबारा फोन किया। उसने बताया कि वे दोनों नदरई स्थित हजारा नहर के पास हैं और अब नहर में कूदकर जान देने जा रहे हैं। फोन पर महिला ने भी बात की। भाई ने दोनों को मैसेज कर काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए।
अंबाला में एक साथ रहने के दौरान बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने वर्ष 2021 में अपने ही गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद मई 2025 से मई 2026 के बीच युवक, उसकी पत्नी और छोटा भाई अंबाला में एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान युवक और उसकी भाभी के बीच नजदीकियां बढ़ने और संबंध बनने की बात सामने आई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसी वजह से दोनों के आत्महत्या की आशंका जता रही है।
नहर में सघन तलाश जारी
मौके पर मिले सामान और देर रात किए गए फोन के बाद परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और पीएसी फ्लड कंपनी के जवानों के साथ गोताखोर नहर में दोनों की तलाश कर रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला देवर-भाभी के नहर में कूदकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। दोनों की नहर में तलाश कराई जा रही है। हालांकि अभी तक दोनों के नहर में मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।