नगर निगम के ह्यूम पाइप डालने के काम ने शहर की यातायात व्यवस्था को झटका दे दिया है। 7 सितंबर की रात से 20 सितंबर तक महिला थाना तिराहा से पुलिस लाइन मोड़ तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा।
छोटे वाहन महिला थाना तिराहा से कैंट क्षेत्र होते हुए डिपो तिराहा जाएंगे। रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। पलिया, निगोही और पीलीभीत की बसें रोडवेज वर्कशॉप से चलेंगी। बरेली, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, सीतापुर और दिल्ली की बसें प्रथम चरण में रोडवेज तथा दूसरे चरण में सैटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी।
भारी वाहनों को रिंग रोड से निकाला जाएगा। गदियाना चुंगी, मछली मार्केट तिराहा और डिपो तिराहा से महिला थाना तिराहा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों को मालगोदाम रोड/सीएम ग्रिड ग्रीन रोड का इस्तेमाल करना होगा।
व्यवस्था संभालने के लिए गदियाना चुंगी, मछली मार्केट, अशफाक नगर और डिपो तिराहा पर अतिरिक्त यातायात कर्मी तैनात किए जाएंगे। पुलिस ने लोगों से डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।