राष्ट्रीय लोक अदालत में आने वाले जरूरतमंदों को अब स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। 12 सितंबर को कचहरी परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले शिविर में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने और वितरण के साथ दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए जा रहे शिविर में नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य बीमा योजनाओं की जानकारी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। पात्र लाभार्थियों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई है।
शिविर की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में बैठक हुई। शिविर के नोडल अधिकारी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम मौके पर मौजूद रहकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएगी और जरूरी मार्गदर्शन करेगी।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि मानव सेवा रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य है। लोक अदालत जैसे जनहितकारी आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है।
बैठक में रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य अवनीश सक्सेना समेत ओम दिव्यांग जन कल्याण समिति के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।