अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का बरेली में भी लाइव प्रसारण देखा गया। विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने कार्यक्रम को लाइव देखा और सुना।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कार्यकत्रियों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र लगातार स्मार्ट हो रहे हैं। बच्चों के शुरुआती विकास और संवाद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की अहम भूमिका है। सरकार उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रख रही है। कार्यकत्रियों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और मानदेय में वृद्धि जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र तथा बच्चों को पोषण पोटली वितरित की।