राष्ट्रीय लोक अदालत को प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर जनपद न्यायालय सभागार में सभी बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक हुई।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह-द्वितीय की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंक अधिकारियों को लोक अदालत में लंबित अधिक से अधिक मामलों का सफल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चिन्हित मामलों में पक्षकारों को समय से नोटिस भेजने और निस्तारण की कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अपर जिला जज उमा शंकर कहार ने विभिन्न बैंकों से आए अधिकारियों से लोक अदालत में लगाए गए मामलों की जानकारी ली। उन्होंने चिन्हित वादों में अधिक से अधिक नोटिस भेजने के निर्देश दिए।
11 सितंबर तक विशेष लोक अदालत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले 9 से 11 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। इसमें लघु आपराधिक वादों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सभी न्यायालयों ने ऐसे मामलों को चिह्नित किया है, जिनका विशेष लोक अदालत में निस्तारण कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे विशेष लोक अदालत और 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने वादों का निस्तारण कराएं।
लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पैरा लीगल वालंटियर्स को भी लगाया गया है। ये शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों को लोक अदालत के लाभ और वाद निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।