गालियां देकर बेरहमी से पीटा, ग्रामीण ने बनाया वीडियो तो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल; मां की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। थाना क्षेत्र के नगला चिना गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी के आरोप में महज 13 साल के किशोर को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि दबंगों ने बच्चे को गालियां दीं और उसके साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। वैसे मामले मे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मां की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव नगला चिना निवासी स्नेहलता पत्नी हरिओम शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति ट्रक चालक हैं और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं। 8 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे उनके 13 वर्षीय बेटे जगत प्रकाश पर पड़ोस के किताव सिंह, सत्यपाल शाक्य, नेकराम और दयाराम ने चोरी का आरोप लगाया।
आरोप है कि चारों लोगों ने बच्चे को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया और गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। बच्चा कथित तौर पर खुद को बचाने के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मां स्नेहलता मौके पर पहुंचीं। कुछ ही देर में गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किशोर को पेड़ से मुक्त कराया गया। तहरीर के अनुसार, इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
वीडियो वायरल हुआ तो सामने आई दरिंदगी
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो में किशोर को पेड़ से बांधे जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आने के बाद लोगों ने घटना की निंदा की। लोगों का कहना है कि यदि बच्चे पर चोरी का संदेह था तो पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए थी, कानून अपने हाथ में लेकर एक नाबालिग को पेड़ से बांधकर पीटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
पीड़िता अपने पति से संपर्क करने के बाद बेटे को साथ लेकर थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने बताया तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।