जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)।
बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के ग्राम अमोर और गोपाल नगर में किसानों के साथ किसान वैज्ञानिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान गन्ने की उन्नत खेती, बेहतर उत्पादन और फसल प्रबंधन को लेकर किसानों को महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी दी गई।
गोष्ठी में गन्ना शोध संस्थान, शाहजहांपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वी.सी. जादौन ने किसानों को शरदकालीन गन्ने की बुवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बुवाई के लिए उन्नत एवं स्वस्थ बीज तथा अच्छी प्रजाति का चयन करें। साथ ही खेत की उचित तैयारी और भूमि उपचार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
डॉ. जादौन ने निर्धारित समय पर गन्ने की बुवाई करने, पौधों के बीच उचित दूरी बनाए रखने तथा बुवाई से पूर्व बीज उपचार करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बीज उपचार से फसल को विभिन्न रोगों से बचाने में मदद मिलती है। किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के साथ जैविक खाद के प्रयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि अच्छी पैदावार के लिए फसल की समय-समय पर सिंचाई, निराई-गुड़ाई और खरपतवार नियंत्रण आवश्यक है। किसानों से वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर गन्ने की गुणवत्ता एवं उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया गया।
चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना प्रदीप कुमार ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और सवालों का समाधान करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने किसानों से ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई करने की अपील की, ताकि अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके। साथ ही चीनी मिल की ओर से गन्ना बुवाई के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
गोष्ठी में चीनी मिल से अंग्रेज सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक गन्ना, प्रभात कुमार पांडेय, अमीदुल खान, जोनल अधिकारी तथा फील्ड स्टाफ मौजूद रहा। अंत में किसानों की सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।