Friday, September 11, 2026

बरेली: रेजिडेंसी गार्डन में जलभराव का जायजा लेने ट्रैक्टर से पहुंचे डीएम

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 9, 2026

बरेली: रेजिडेंसी गार्डन में जलभराव का जायजा लेने ट्रैक्टर से पहुंचे डीएम

जागरण टुडे, बरेली

रेजिडेंसी गार्डन कॉलोनी में जलभराव की समस्या का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह बुधवार को मौके पर पहुंचे। जलभराव अधिक होने के कारण डीएम ट्रैक्टर पर सवार होकर कॉलोनी में पहुंचे और प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों से शीघ्र पानी निकालने और पानी उतरने के बाद तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी कार्रवाई करने को कहा।

डीएम ने बताया कि रविवार और सोमवार की रात हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण कॉलोनी में जलभराव हुआ है। कॉलोनी मुख्य सड़क से नीचे और ढलान पर स्थित है। पर्याप्त ड्रेनेज सिस्टम न होने के साथ ही हजियापुर की ओर पीछे की दीवार टूटने से बड़ी मात्रा में पानी कॉलोनी में पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि कॉलोनी की वेलफेयर समिति के सदस्यों को कलेक्ट्रेट बुलाकर संबंधित विभागों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की योजना तैयार की जाएगी। लोक निर्माण विभाग को हजियापुर की ओर टूटी दीवार का जल्द निर्माण कराने और पानी के अनियंत्रित बहाव को रोकने के निर्देश दिए गए।


कॉलोनीवासियों ने बताया कि घरों में पानी भरने से बच्चों की कॉपी-किताबें भीग गई हैं और परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। उन्होंने बच्चों की परीक्षाएं कुछ समय बाद कराने के लिए संबंधित स्कूलों को निर्देश देने का अनुरोध किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त, वेलफेयर एसोसिएशन सदस्य और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.