Friday, September 11, 2026

विश्व साक्षरता दिवस पर बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 9, 2026

विश्व साक्षरता दिवस पर बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली

जागरण टुडे, मथुरा।

विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर जस्टिस फॉर चिल्ड्रन स्ट्रीट स्कूल नि:शुल्क शिक्षा केंद्र के बच्चों ने शिक्षा और बाल अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। रैली पन्ना पोखर से शुरू होकर इंडस्ट्रियल एरिया होते हुए गोपाल नगर पहुंची। रैली में बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को शिक्षा के महत्व और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान बच्चों ने ‘भोजन, खेल, पढ़ाई, प्यार-यह सब बच्चों के अधिकार’ जैसे नारों के साथ लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने विभिन्न संदेशों के माध्यम से बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने के साथ पौष्टिक भोजन, खेलने, सुरक्षा और प्यार का अधिकार मिलना चाहिए। रैली के दौरान लोगों से बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनने और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई।

संस्था के अध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों को केवल स्कूल तक पहुंचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक भोजन, खेल, सुरक्षा और स्नेह मिलने से उनका सर्वांगीण विकास संभव होता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में अपने अधिकारों को समझने और समाज में लोगों को जागरूक करने का आत्मविश्वास बढ़ता है।

रैली में प्रीति राजपूत, कुमकुम राजपूत, प्रभात शर्मा, कुमारी महक सहित शिक्षा केंद्र के बच्चे और सहयोगी मौजूद रहे। रैली के समापन पर लोगों से आह्वान किया गया कि वे किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने दें और बाल अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.