जागरण टुडे, मथुरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से बड़नगर से वाराणसी तक ऐतिहासिक बाइक यात्रा निकाली जाएगी। करीब 250 बाइकों के काफिले के साथ प्रस्तावित यह यात्रा युवाओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संदेश देगी। जन्मभूमि बड़नगर से कर्मभूमि वाराणसी तक होने वाली इस यात्रा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी विशेष बनाया गया है।
पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं बृज क्षेत्र प्रवासी नरेंद्र भाटी ने यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बड़नगर और वाराणसी को जोड़ने वाली यात्रा दोनों दिशाओं से प्रस्तावित है। एक बाइक यात्रा बड़नगर से वाराणसी के लिए रवाना होगी, जबकि दूसरी ओर वाराणसी से बाइक यात्रा बड़नगर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि बड़नगर से 10 पवित्र नदियों का जल वाराणसी ले जाया जाएगा। वहीं वाराणसी से मां गंगा का जल बड़नगर लाया जाएगा। बड़नगर पहुंचने पर विभिन्न पवित्र नदियों के जल से जलाभिषेक किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस पहल के जरिए देश की विविध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन युवाओं के लिए सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। बाइक यात्रा युवाओं को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्व, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि से कर्मभूमि तक निकलने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को समर्पित है। इसके माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभाव जागृत करने के साथ विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि 27 और 28 सितंबर को यात्रा का मथुरा जिले में विशेष स्वागत किया जाएगा। गोवर्धन और मांट विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा के पड़ाव निर्धारित किए गए हैं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से बाइक सवार युवाओं का स्वागत किया जाएगा। पड़ाव के दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद भी होगा।
बैठक में यात्रा को सफल बनाने, स्वागत कार्यक्रमों को व्यवस्थित करने और अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह प्रधान, ललित गौतम, महामंत्री आकाश चौधरी, मंत्री मनोज ठाकुर सौनोठ, अंकुर गुर्जर, श्याम शर्मा, बृजेश अहेरिया, प्रणय पाराशर, वत्सल भाटिया, राहुल राजावत, शशांक शर्मा, पवन शर्मा, पुष्पेंद्र सिकरवार, संजीव गुलाटी, दिलीप राघव, प्रवीण चौहान, रामू गुर्जर, दिनेश चौधरी और धर्मेश नौहवार आदि मौजूद रहे।