अधिवक्ता अंशुमान कुमार मैसी को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य मनोनीत किया गया है। वहीं, आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मोहसिन रजा को सौंपी गई है। अंशुमान कुमार मैसी के मनोनयन की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
अंशुमान कुमार मैसी स्वर्गीय डॉ. आशीष कुमार मैसी के पुत्र हैं। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में अंशुमान कुमार मैसी को आयोग में सदस्य की जिम्मेदारी मिलने को उनके परिवार और समर्थकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मनोनयन की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि अंशुमान कुमार मैसी आयोग के सदस्य के रूप में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।
अंशुमान कुमार मैसी के मनोनयन को लेकर शाहजहांपुर में उनके समर्थकों के बीच दिनभर चर्चा होती रही। बधाई देने वालों का सिलसिला भी जारी रहा। समर्थकों ने इसे उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।