Friday, September 11, 2026

Kasganj:कंपनी की नहीं है शर्ट…से शुरू हुई तकरार, बात बढ़ी तो तमंचे से झोंका फायर, किशोर घायल

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 11, 2026

Kasganj:कंपनी की नहीं है शर्ट…से शुरू हुई तकरार, बात बढ़ी तो तमंचे से झोंका फायर, किशोर घायल

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कोतवाली सदर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में जींस की शर्ट की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद ममारपीट और तमंचे से फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद से क्षुब्ध युवक शाम को तमंचा लेकर पहुंचा और किशोर के पिता की दुकान के पास चाउमीन की ठेल के समीप फायर कर दिया। गोली 15 वर्षीय किशोर की ठोड़ी को रगड़ती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी अशोकनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।


पुलिस के मुताबिक आवास विकास कॉलोनी निवासी अनमोल भारद्वाज (25) और सेक्टर-ए निवासी 15 वर्षीय निशांत के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कपड़े की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि निशांत ने जायरा कंपनी की जींस की शर्ट पहन रखी थी। शर्ट को लेकर निशांत ने अनमोल से बातचीत की तो अनमोल ने शर्ट को जायरा कंपनी की न बताते हुए फर्जी कंपनी की बता दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद निशांत के पिता की मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान के पास दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि निशांत ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अनमोल के साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार मारपीट की घटना से क्षुब्ध अनमोल शाम करीब छह बजे अपने घर से तमंचा लेकर आया। वह निशांत के पिता की दुकान के पास चाउमीन की ठेल के समीप पहुंचा और फायर कर दिया। गोली निशांत की ठोड़ी के मध्य हिस्से को रगड़ते हुए निकल गई। इससे उसकी ठोड़ी पर चोट आई, जबकि बारूद के प्रभाव से सीने के ऊपरी हिस्से में भी हल्की जलन और चोट के निशान बताए गए हैं। फायरिंग के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी अशोकनगर भेजा।

कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र के अनुसार परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य होने की बात कही है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.