जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)।
बरेली जनपद के मीरगंज तहसील इलाके के शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर ग्राम बूंची के निकट बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे उपचार के लिए भोजीपुरा स्थित राममूर्ति अस्पताल ले गए थे, जहां सात सितंबर को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान अजीत पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम गुगई, थाना मीरगंज(बरेली) के रूप में हुई है। मृतक के पिता रामबहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 अगस्त की दोपहर उनका बेटा अजीत बाइक से ग्राम बसई से शीशगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वह शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर ग्राम बूंची के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए भोजीपुरा स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा था, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। सात सितंबर को उपचार के दौरान अजीत की मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता की शिकायत पर शीशगढ़ थाना पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना में शामिल कार और चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।