जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)।
जनपद बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र के जौनेर गांव में सोमवार सुबह पीलाखार नदी के किनारे उस समय ग्रामीणों में खलबली मच गई, जब नदी से निकलकर एक मगरमच्छ रेत पर धूप सेंकता दिखाई दिया। नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने मगरमच्छ को काफी देर तक रेत पर लेटे हुए देखा। मगरमच्छ को देखकर लोगों में भय का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने नदी की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह धूप निकलने के बाद मगरमच्छ अक्सर नदी से बाहर निकलकर रेत पर आ जाते हैं। सोमवार को भी एक मगरमच्छ नदी से निकलकर किनारे रेत पर आकर धूप सेंक रहा था। ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ने के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई और मौके पर भीड़ जुटने लगी।
ग्रामीणों का कहना है कि पीलाखार नदी में पहले भी मगरमच्छ और घड़ियाल दिखाई दे चुके हैं। पिछले वर्ष भी नदी में घड़ियाल देखे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद से नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों में जलीय जीवों को लेकर आशंका बनी हुई है।
जौनेर के ग्राम प्रधान मुनेंद्र शर्मा ने बताया कि मगरमच्छ नदी के आसपास घूमता रहता है और सिंधौली तक उसके दिखाई देने की जानकारी ग्रामीणों को मिलती रहती है। गांव के पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि पीलाखार नदी और आसपास का क्षेत्र धीरे-धीरे मगरमच्छों का गढ़ बनता जा रहा है। नदी किनारे मगरमच्छ के लगातार दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से नदी किनारे मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही नदी में नहाने, कपड़े धोने या अन्य कार्यों के लिए जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।