जनपद शाहजहांपुर की 133 तिलहर विधानसभा क्षेत्र के सिंधौली ब्लॉक के ग्राम ढकिया रनवास में समाजवादी पार्टी की ओर से PDA चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में PDA समाज के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सपा ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र यादव और नवनियुक्त सपा जिला सचिव वरुण शुक्ला ने किया। अध्यक्षता पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान पहुंचे। उनके पहुंचने पर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र यादव सहित पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुके भेंट कर तथा फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
चौपाल में वक्ताओं ने कहा कि PDA समाज को उसके हक, सम्मान और भागीदारी के लिए एकजुट करने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और PDA के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान : तनवीर खान
सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि सरकार जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA के हक, सम्मान और भागीदारी की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर बदलाव का जवाब देगी।
किसान फसल का उचित दाम न मिलने से परेशान : रोशन लाल वर्मा
पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, लेकिन भाजपा सरकार में किसान अपनी फसल का उचित मूल्य, खाद-पानी और बढ़ती कृषि लागत को लेकर परेशान है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी हमेशा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई आगे भी मजबूती से जारी रहेगी। चौपाल में मौजूद कार्यकर्ताओं से गांवों में किसानों, युवाओं और अन्य वर्गों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझने और पार्टी के संगठन को मजबूत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में अरुण दीक्षित प्रधान, रामदेव रमाकांत प्रधान, जगदीश प्रसाद, नरेंद्र कुमार, सुनील सिंह, अखिलेश तिवारी, असलम खान, डॉ. रामपाल वर्मा, संजीव यादव प्रधान गरबापुर, ओमपाल मौर्य, राकेश यादव, लालता प्रसाद, कथावाचक, ऋषि बाजपेई, पिंकू सिंह, लाला राम वर्मा समेत सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।