पटियाली, राहुल गुप्ता। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को सेंट के.एम. इंटर कॉलेज, नरडोली बाईपास रोड पर सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी लेखन-कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षाओं के अनुसार चार समूहों में विभाजित किया गया। ग्रुप ए में यूकेजी से कक्षा दो, ग्रुप बी में कक्षा तीन से पांच, ग्रुप सी में कक्षा छह से आठ तथा ग्रुप डी में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने सुंदर, स्वच्छ और स्पष्ट लेखन के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और सम्मान प्रदर्शित किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुंदर एवं शुद्ध लेखन की आदत विकसित करने के साथ हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक श्याम किशोर गौर, प्रधानाचार्य सोभित सिंह, रोहित पुंडीर, दुष्यंत सिंह, अनुज, सुखराम और जीतेन्द्र सिंह मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।