ओमकार गंगवार,मीरगंज( बरेली)
हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) मीरगंज जिला बरेली में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम निपुण भारत मिशन की ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर (बीएसी) शबाना खान के संयोजन में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर हिंदी भाषा के प्रति अपनी समझ और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिंदी भाषा, व्याकरण, साहित्य और भाषा के प्रयोग से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। शिक्षकों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में आगे रहने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में अनीता, उमंग रस्तोगी, बबली पाल, सरोज, भगवान दास एवं भानवती ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए। आयोजकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से शिक्षकों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ती है और वे विद्यार्थियों को भी भाषा के प्रति अधिक प्रभावी ढंग से प्रेरित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा के महत्व पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संचार का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी भाषा है। दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के साथ विद्यार्थियों में शुद्ध एवं सहज हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एआरपी राजेश कुमार, सचिन, मुरारी शर्मा, पूनम देवी, अरविंद कुमार गंगवार और कुमुदकांत यादव सहित नोडल संकुल शिक्षक संतोष कुमार, अमित कुमार, सर्वेश कुमार, सत्येंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।