साउथ सिटी स्थित बिजी बीज प्री-स्कूल और आवास विकास परिषद स्थित फाउंडेशन स्कूल में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बिजी बीज प्री-स्कूल में शिक्षिकाओं ने अपने हाथों से मिट्टी की ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा तैयार की। प्रतिमा की स्थापना के बाद बच्चों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान गणेश की वंदना कर स्वागत किया।
वहीं फाउंडेशन स्कूल में केजी कक्षा के छात्र विराज विक्रम ने भगवान गणेश का स्वरूप धारण किया। इस दौरान बिजी बीज की नर्सरी कक्षा की छात्राओं वेदिका शर्मा और सांविका गुप्ता तथा फाउंडेशन स्कूल की चित्राक्षी, अनन्या, श्रीशा और प्रिंसिका ने मनमोहक वंदना प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
बच्चों को सुनाई गणेश जन्म की कथा
समारोह में प्रधानाचार्या वसु गोयल ने बच्चों को भगवान गणेश के जन्म से जुड़ी पौराणिक कथा सुनाई। उन्होंने बच्चों को गणेश चतुर्थी के आध्यात्मिक महत्व के बारे में भी बताया। गणपति बप्पा के स्वागत में फल, फूल और मोदकों का भोग लगाया गया।
ईको-फ्रेंडली प्रतिमा से दिया संदेश
मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में बच्चों को प्राकृतिक सामग्री से बनी प्रतिमाओं के महत्व और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक रोहित गोयल के साथ संध्या शुक्ला, दीपाली गुप्ता, तान्या मिश्रा, साहिबा फारूकी, अंशुल टंडन, सुमन कौर, यशिका, अनुभूति गुप्ता, मंजू कुशवाहा, आस्था सक्सेना, गार्गी और आंशी टंडन समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और नन्हे-मुन्ने बच्चे मौजूद रहे।